पश्चिम क्षेत्र के एसपी महेश चंद जैन ने सुबह-शाम गणना में शामिल होने वाले पुलिसकर्मियों को ताजा केले खिलाने के निर्देश दिए हैं। एसपी ने कहा कि त्योहर,प्रदर्शन और वीआइपी आवाजाही के कारण जवानों को 16 घंटे तक ड्यूटी करना पड़ रही है। उन्होंने शासकीय मद से भुगतान के निर्देश भी दिए हैं।
एसपी(पश्चिम) महेश चंद जैन ने बुधवार को आदेश (27/669/21) की प्रति सभी एएसपी,सीएसपी और एसडीओपी को भेजी। आदेश में स्पष्ट लिखा कि प्रात: और सायंकालीन गणना(रोलकॉल) में उपस्थित बल को दो दो केले अवश्य रुप से उपलब्ध करवाए जावें। थोक विक्रेता से संपर्क कर गुणवत्ता वाले ताजा केले खरीदें।
एसपी के मुताबिक केले इंस्टेंट एनर्जी का सबसे बड़ा स्त्रोत है। खिलाड़ियों और वर्जिश करने वालें भी एनर्जी व प्रोटिन के लिए डाइट में केले शामिल करते है। पिछले कुछ दिनों से पुलिसकर्मियों को दिनभर ड्यूटी करना पड़ रही है। सुबह से ड्यूटी पर आने वाले जवान रात को घर जा पाते है। जवानों को भूखा न रहना पड़े और मजबूरी में तेल से बने खाद्य पदार्थों का सेवन न करना पड़े इसलिए केले के आदेश दिए हैा।
पश्चिम थानों में कैरेट भरकर मंगवाए केले
आदेश की प्रति मिलते ही पश्चिम क्षेत्र के कईं थाना प्रभारियों ने आदेश का पालन शुरू कर दिया। टीआइ ने केले से भरे कैरेट मंगवाए और जवानों के साथ खाए। संतरी,बीट और एचसीएम ड्यूटी पर तैनात पुुलिसकर्मी एसपी की पहल से खुश भी है।
