17 वर्षीय कालेज छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। लसूड़िया थाना पुलिस ने छात्रा टीना उर्फ पूजा नरवरिया और उसके प्रेमी आशीष सहित चार के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपितों ने पेय पदार्थ में नशीली गोलियां मिलाकर पिला दी थी। घटना के बाद से चारों आरोपित फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जगह-जगह छापा मार रही है।
टीआइ इंद्रमणि पटेल के मुताबिक, परदेशीपुरा क्षेत्र निवासी छात्रा स्वजन सहित मंगलवार शाम थाने आई थी। छात्रा ने 12वीं पास कर कालेज में दाखिला लिया है। एक सहेली के माध्यम से टीना उर्फ पूजा नरवरिया से दोस्ती हुई थी। दोनों साथ घूमने भी जाते रहते हैं। 23 अगस्त को पूजा कार लेकर घर आई और टूर पर मांडव (धार) चलने का कहा। पूजा के साथ निपुल कुमार, आशीष और रितेश वर्मा भी थे
पांचों कार से मांडव घूमने चले गए। लौटते समय शाम करीब चार बजे आशीष ने उसे पेय पदार्थ पिलाया, जिसके बाद उसे बेहोशी छाने लगी। रात करीब 10 बजे होश आया तब पता चला कि निपुल और आशीष उसके साथ दुष्कर्म कर रहे थे। रितेश और पूजा उस समय कमरे में नहीं थे। घबराई छात्रा रोने लगी तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट भी की और कहा स्वजन, पुलिस को बताया तो जान से खत्म कर देंगे।
कुछ देर बाद छात्रा ने अपने दोस्त को काल कर पूरी घटना बताई और कान्फ्रेंस के जरिए मां से बात की। पीड़िता ने वाट्सएप पर गूगल लोकेशन भेजकर स्वजन को बुलाया। एसआइ कीर्ति तोमर के मुताबिक, घटना के बाद से सभी आरोपित फरार हैं। आशीष स्कीम-78 में किराये से रूम लेकर रहता है। उसने पीड़िता को उसी रूम में बंधक बनाया था।
