अभिनेता मनोज वाजपेयी पहुंचे इंदौर कोर्ट, केआरके पर लगाया मानहानी का दावा

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

फिल्म अभिनेता मनोज वाजपेयी ने फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े दूसरे अभिनेता कमाल राशिद खान उर्फ केआरके के खिलाफ इंदौर की कोर्ट में मानहानी का परिवाद पेश किया है। मंगलवार को परिवाद दर्ज करवाने लिए मनोज वाजपेयी खुद जिला कोर्ट में पहुंचे। प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी भूपेंद्र आर्य के न्यायालय में अभिनेता ने करीब एक घंटे मौजूद रहकर अपने बयान दर्ज करवाए।
अभिनेता ने एडवोकेट परेश जोशी के माध्यम से दायर परिवाद में केआरके पर अनर्गल टिप्पणी कर सम्मान और प्रतिष्ठा की हानि का आरोप लगाया। एडवोकेट जोशी के अनुसार 26 जुलाई को केआरके ने अपने ट्वीटर अकाउंट से मनोज वाजपेयी को लेकर आपत्तिजनक ट्वीट किए थे। ट्वीट के बाद वाजपेयी के इंदौर में मौजूद प्रशंसकों ने नाराजगी जाहिर की थी। बाद में उन्होंने वाजपेयी से संपर्क किया था। इसके बाद वाजपेयी मानहानी का परिवाद दायर करने खुद इंदौर पहुंचे। मामले पर अगली सुनवाई चार सितंबर को होगी। उल्लेखनीय है कि कमाल राशिद खान उर्फ केआरके पहले भी कई फिल्मी हस्तियों के खिलाफ अनर्गल टिप्पणी कर चुके हैं और कानूनी कार्रवाई भी झेल रहे हैं

Exit mobile version