सोनाा जवाहरात (सराफा) व्यापारी एसोसिएशन के त्रिवार्षिक चुनाव आज शुक्रवार 17 दिसम्बर को होंगे। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष व कार्यकारिणी के 5 पदों सहित 11 पदों के लिए इस बार 29 प्रत्याशी मैदान में हैं। इन 11 में से ही पदाधिकारी व कार्यकारिणी का चुनाव होगा। इस बार 837 व्यापारी सदस्य मतदान करेंगे। खास बात यह कि 10 वर्ष बाद इतने सारे प्रत्याशी मैदान में है इस बार वोटर्स को 11 वोट देने की बाध्यता है। मतदान सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक छोटा सराफा स्थित एसोसिएशन के सभागृह में होगा और मतगना शाम 6 बजे से शुरू होगी।
चुनाव के लिए महेंद्र पाटीदार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। इस बार दो पैनल सराफा विकास पैनल और सराफा प्रगति पैनल आमने-सामने हैं। एसोसिएशन के निवृत्तमान अध्यक्ष हुकम सोनी जेल से ही चुनाव लड़ रहे हैं। उपाध्यक्ष रहे बसंत सोनी, सहमंत्री सतीश मालक और कार्यकारिणी सदस्य अजय नीमा इस बार चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। खास बात यह कि इस बार 7 प्रत्याशी निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।
