रात होते ही घरों में पत्थर बरसाते है नशेड़ी, गुस्साए भील नेताओं ने घेरा थाना

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

दुष्कर्म, छेड़छाड़, अड़ीबाजी और पथवार जैसी घटनाओं को लेकर मालवा भील सेवक संघ ने शुक्रवार को आजाद नगर थाना घेर लिया। सैंकड़ों महिलाओं के साथ थाने पहुंचे भील नेताओं ने पुलिस पर निष्क्रियता आरोप लगाया। रिटायर डीएसपी ने कहा बदमाश खुलेआम शराब, गांजा, व्हाइटनर का नशा करते है। चार दिन पूर्व ही एक युवती के साथ रेप की घटना हुई है।

सचिव गोपाल सिंगार के मुताबिक मूसाखेड़ी स्थित भील कालोनी में आपराधिक किस्म के लड़के जमा हो जाते है। गलियों और सामुदायिक भवन के आसपास नशाखोरी शुरू कर देते हैं। बुधवार रात करीब एक बजे मालवा भील सेवक संघ के अध्यक्ष गोपालसिंह के घर पर पथराव कर दिया। वह बाहर निकले तो बदमाश भागते हुए उषा भाभोर के घर में पत्थर चलाते हुए भाग गए। साई मंदिर वाली गली की ओर जाते जाते सामुदायिक भवन के भी कांच फोड़ गए। रात करीब एक बजे पुलिस की गाड़ी सायरन बजाते हुए आइ तो बदमाश दुबक कर बैठ गए और पुलिस के जाते ही दोबारा पत्थर चलाए। विरोध प्रदर्शन में रिटायर डीएसपी शंकरलाल कटारिया, गोविंदसिंह भूरिया सहित सैंकड़ों महिलाएं शामिल थी। महिलाओं में ज्यादा आक्रोश था।

उन्होंने कहा आरोपितों में एक का नाम बिट्टू डामोर है। जिस पर सरदारपुर धार में दुष्कर्म का केस दर्ज है। महिलाओं ने कहा चार दिन पूर्व ही मानसिक रुप से कमजोर युवती के साथ दुष्कर्म की घटना हो चुकी है। आरोप है कि बदमाश शराब, गांजा और व्हाइटनर का नशा कर घटनाएं करते है। टीआइ इंद्रेश त्रिपाठी ने सुनवाई की और कहा अपराधियों का नाम बता दिजिए। किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा। कोई भी घटना हो तो तुरंत पुलिस को सूचना देना। जवान भिजवा कर उठवा लूंगा। टीआइ ने प्रदर्शनकारियों के साथ तुरंत पुलिसवाले भेज दिए। घटना स्थल देखा और बिट्टू व उसके साथियों के घर छापा मारा।

Exit mobile version