होलकर साइंस कालेज के प्रोफेसर के घर से दिनदहाड़े पांच लाख की चोरी

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

सुदामानगर में बुधवार दोपहर चोरों ने प्रोफेसर डा. विजय आर. चौरे के सूने मकान से पांच लाख के आभूषण, नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चौरे के पिता आरआर चौरे निरीक्षक रहे हैं। पुलिस को शक है कि चोरों ने मकान की रैकी कर वारदात को अंजाम दिया है। कुछ संदेहियों को हिरासत में भी लिया गया है।
द्वारकापुरी थाना टीआइ सतीश द्विवेदी के मुताबिक डा.विजय आर.चौरे होलकर साइंस कालेज में प्रोफेसर हैं। बहन अर्चना कलारिया में शिक्षिका हैं और उनके साथ ही रहती है। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब पौने 11 बजे वे कालेज और बहन स्कूल चली गई थी। शाम करीब 7 बजे अर्चना लौटी तो ताला टूटा मिला। घर की लाइट चालू थी और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था।
अलमारी भी टूटी हुई थी और करीब साढ़े चार लाख रुपये कीमती आभूषण व 40 हजार नकद गायब थे। चौरे के मुताबिक बदमाशों को यह पता था कि दिन में घर सूना रहता है। संभवत: रैकी करने के बाद ही बदमाशों ने घटना की है। इसी तरह बदमाशों ने राजेंद्रनगर थाना क्षेत्र में शिवसागर कालोनी निवासी निलेश पुत्र विमल कुमार जैन के घर में धावा बोल नकदी व चांदी के आभूषण चुरा लिए।

Exit mobile version