BHIM ऐप के 70 लाख यूज़र्स की जानकारी नहीं हुई लीक, NPCI ने दावे को बताया गलत

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
Bhim App यूज़र्स का डेटा लीक नहीं हुआ है.
मुंबई. ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा (Online payment service) देने वाले भीम ऐप (Bhim App) की परिचालक ‘दि नेशनल पेमेंट्स कार्पोरेशन आफ इंडिया (एनपीसीआई) ने मंगलवार को कहा कि ऐप में उपयोगकर्ताओं की जानकारी लीक नहीं हुई है. इस ऐप के नेटवर्क में किसी भागीदार के छोर पर सुरक्षा चक्र में सेंध के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए एनपीसीआई ने कहा कि इस समाचार की स्वतंत्र रूप से वैधता की जांच कराई गई जिसमें ग्राहकों की वित्तीय सूचनाओं के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ की कोई जानकारी नहीं पाई गई.

भीम ऐप के अब तक 13.60 करोड़ डाउनलोड किए गए हैं. एक इस्राइली शोध फर्म ने सोमवार को ये दावा किया था कि भीम ऐप के 70 लाख यूज़र्स की जानकारी को संभवत: चुरा ली गई है. उसने इसकी वजह सीएससी (साझा सेवा केंद्रों) ई- गवर्नेंस सविर्सिज के छोर में किसी तरह की खामी की संभावना जताई है.  शोध कंपनी ने कहा है कि इनमें से संभवत: कई उपयोगकर्ताओं की पैन कार्ड, वित्तीय लेनदेन के स्क्रीनशॉट की जानकारी चुरा ली गई हैं.

वीपीएनमेंटर नाम की वेबसाइट ने दावा किया कि उसने इस डिजिटल ऐप में कथित ‘डेटा सेंधमारी’ का पता लगाया है. वीपीएनमेंटर का दावा है कि वह ‘वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क’ (वीपीएन) की समीक्षा करने वाली सबसे बड़ी वेबसाइट है. ये समूह लोगों को साइबर हमलों से रक्षा करने में लोगों की ऑनलाइन मदद करता है.

बहरहाल, एनपीसीआई ने इस तरह के आरोप सामने आने के बाद एक डिजिटल जोखिम निगरानी कंपनी की सेवाएं लीं और कहा कि भीम ऐप में किसी तरह की कोई जानकारी लीक नहीं हुई है.

News18 Hindi पर सबसे पहले Hindi News पढ़ने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें. देखिए ऐप्स से जुड़ी लेटेस्ट खबरें.

First published: June 3, 2020, 9:33 AM IST

Exit mobile version