
इंदौर की खजराना पुलिस ने एक मामा-भांजे की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। दोनों शहर में एमडी ड्रग बेचते थे। वह राजस्थान के रास्ते डील कर नशे की खेप लेकर इंदौर आते थे। यहां स्टूडेंट को इसे सप्लाई करते थे। दोनों आरोपियों से 110 ग्राम एमडी ड्रग मिली है।
टीआई मनोज सेंधव की टीम को जानकारी मिली थी कि शाहनवाज पुत्र जमशेद अहमद खान जो कि पूर्व में उज्जैन के बेगमबाग में रहता था। अभी खजराना के अहमद नगर में आकर अपने भांजे शाहरुख पुत्र असगर के साथ एमडी बेच रहा है। वह चलते फिरते टोकन बनाकर स्टूडेंट और अन्य लड़कों को देते हैं। टीआई ने एक टीम बनाकर उनकी रैकी करवाई और आरोपियों को दबोच लिया। दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह राजस्थान से एमडी लेकर इंदौर आते थे। इसके बाद यहां उसे बेचते थे। शाहनवाज पूर्व में भी नशा बेचने के मामले में जेल जा चुका है। उस पर दो केस दर्ज हैं। उसने भांजे को भी इसी काम में लगा लिया। शाहनवाज पहले टेलर का काम करता था। वह जल्दी पैसा कमाने के लिए नशे के कारोबार में उतर गया। वहीं दूसरी तरफ शाहरुख भी पेंटर का काम करते हुए नशे का काम करने लगा था।
