
हमास ने दावा किया है कि 200 से 250 बंधक उसकी कैद में हैं। ये सभी अलग-अलग देशों से हैं। इनमें से 20 बंधक इजराइली हमले में मारे गए हैं।
अब इन बंधकों को छोड़ने के लिए हमास ने इजराइल की जेल में बंद 6 हजार फिलिस्तीनी कैदियों की रिहाई की मांग की है।
इसके बाद से कई देश बंधकों को छुड़ाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, इजराइल-हमास जंग को देखते हुए सभी के मन में कई सवाल हैं जैसे- असल में कितने लोग हमास की कैद में हैं यानी बताए गए आंकड़ों से ज्यादा कैदी हो सकते हैं। क्या हमास इन बंधकों को ह्यूमन शील्ड (मानव ढाल) की तरह इस्तेमाल करेगा? हमास इन बंधकों को कैसे रिहा करेगा? रिहा करेगा भी या नहीं?
हमास के गाजा पर इजराइली हमले रोकने के लिए बंधकों को ह्यूमन शील्ड की तरह इस्तेमाल करने की पॉसिबिलिटी बहुत ज्यादा है। ऐसे इसलिए क्योंकि हमास की आर्म्ड विंग ने धमकी दी थी कि जब भी इजरायल बिना किसी चेतावनी के गाजा पर हमला करेगा, वो बंधक बनाए गए एक व्यक्ति को मार देगें। इसके जवाब में इजराइल ने बंधकों को छुड़ाने की जिम्मेदारी रिटायर्ड जनरल गैल हिर्श को सौंपी है।

पहले जानें कैसे शुरू हुई इजराइल-हमास जंग…
7 अक्टूबर को हमास ने इजराइल पर रॉकेट दागे थे। 1400 से ज्यादा इजराइलियों की मौत हुई। दावा किया कि 150 लोगों को बंधक बना कर गाजा ले गए। बाद में कहा कि 200 से ज्यादा लोग कैद में हैं। असल आंकड़ा बढ़ भी सकता है।
ये तो हुई हमास की बात। अब बात करते हैं इजराइल की। इजराइल ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गाजा में हमले शुरू कर दिए। ये अब तक जारी हैं। 3,700 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे गए हैं।
अब जानिए बंधकों को लेकर इजराइल और हमास का कहना है…
इजराइल ने कहा कि वो हमास का खात्मा करते हुए बंधकों को छुड़ाने की कोशिश करेगा। वहीं, 9 अक्टूबर को गाजा तक बिजली-पानी की सप्लाई रोकने के बाद इजराइल ने कहा था कि गाजा जब तक बंधक बनाए गए इजराइलियों को छोड़ नहीं देता, तब तक उसे बिजली-पानी नहीं मिलेगा।
दूसरी तरफ हमास ने प्रिजनर स्वैप की बात कही। प्रिजनर स्वैप यानी कैदियों की अदला-बदली। हमास ने कहा कि इजराइल जेल में बंद 6 हजार फिलिस्तीनियों को रिहा कर दे तो वो भी बंधकों को छोड़ देगा।
दरअसल, 2011 में इजराइल ने बंधक बनाए गए एक इजराइली सैनिक के बदले 1,027 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा कर दिया था। इसके बाद इजराइल के नागरिकों ने सरकार का विरोध किया था। इसे देखते हुए हमास ने एक बार फिर जेल में बंद कैदियों की रिहाई की मांग उठाई है।

अब तक मिली बंधकों के बारे में ये जानकारी
मिलिट्री का हवाला देते हुए इजराइली मीडिया कैन ने बताया कि हमास की कैद में करीब 200 बंधक हैं। इनमें से 30 बच्चे हैं। 20 लोगों की उम्र 60 साल से ज्यादा है। हमास का कहना कि बंधकों की 200-250 के बीच है। इनमें से 20 बंधक इजराइली सेना के हमलों में मारे गए हैं।

11 देशों के नागरिक हमास के बंधक
हमास की कैद में जो बंधक हैं उनमें से कई इजराइली नागरिक हैं। 20 से ज्यादा अमेरिकी नागरिक लापता हैं। एक अमेरिकी सांसद ने कहा कि 10 अमेरिकी नागरिक हमास की कैद में हैं। थाईलैंड के 14 और जर्मनी के 8 नागरिक कैद में हैं। अर्जेंटीना के 16 नागरिक भी कैद में हैं।
ब्रिटेन के 9 नागरिकों की मौत हो गई है। 7 लापता हैं। माना जा रहा है कि ये हमास की कैद में हैं। फ्रांस के नागरिक भी कैद में हैं, इनकी संख्या नहीं बताई गई है। नीदरलैंड की एक 18 साल की नागरिक भी कैद में है। पुर्तगाल के 4 नागरिक, चिली का एक, इटली का भी एक नागरिक हमास की कैद में है।
हमास ने 16 अक्टूबर को कहा कि बंधक बनाए गए विदेशी उनके महमान हैं। हालात सुधरने पर हम इन्हें रिहा कर दिया जाएगा।

कहां ये है बंधक?
हमास के लड़ाके बंधकों को गाजा ले गए। लेकिन गाजा में बंधकों की इग्जैक्ट लोकेशन क्या है किसी को नहीं पता। इस वजह से उन्हें अब तक रेस्क्यू नहीं किया जा सका है। सेना का मानना है कि इन बंधकों को सुरंग में रखा गया है। इजराइली सेना इन सुरंगों को ‘गाजा मेट्रो’ कहती है।

स्देरॉट शहर में 7 अक्टूबर को हमले के बाद एक इजराइली को बंधक बना कर ले जाता हमास का एक लड़ाका।
सरकारें इन बंधकों को बचाने क्या कर रहीं…
- इजराइल
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बंधकों को छुड़ाने और लापता लोगों की तलाश का जिम्मा रिटायर्ड जनरल गैल हिर्श को सौंपा है।
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, सेना और पुलिस ने लापता लोगों को पंजीकृत करने के लिए परिवारों के लिए एक केंद्र स्थापित किया है। यहां लापता लोगों की फोटो और कुछ निशानियां लाने के लिए कहा गया है, जिनसे DNA सैंपल लिया जा सके।
- कतर
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, कतर का कहना है कि उसने इजरायल की जेलों से 36 फिलिस्तीनी महिलाओं और बच्चों की रिहाई के बदले में हमास की कैद में बंधक बनाई गई इजरायली महिलाओं और बच्चों की आजादी के लिए बातचीत करने की कोशिश की है। ऐसा हो सकता है या नहीं इसकी जानकारी फिलहाल नहीं है।
- तुर्किये
विदेश मंत्री हाकन फिदान ने बताया कि तुर्कियो बंधक बनाए गए लोगों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए हमास के साथ बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और जर्मनी समेत कई देशों ने अपने नागरिकों की रिहाई के लिए तुर्कियो से मदद मांगी है।
- अमेरिका
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि उनका प्रशासन बंधक बनाए गए अमेरिकी बंधकों को खोजने के लिए दिन-रात कोशिश कर रहा है। अमेरिका ने बंधकों को छुड़ाने के लिए स्पेशल ऑपरेशन फोर्स इजराइल भेजी है। ये इंटेलिजेंस और खुफिया जानकारी जुटा कर बंधकों को बचाने में इजराइल की मदद करेगी।
- ब्रिटेन और अर्जेंटीना
ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा है कि उनकी सरकार बंधकों की वापसी सुनिश्चित करने में दोनों पक्षों से बात कर रहे हैं। वहीं, अर्जेंटीना के प्रेसिडेंट फर्नांडीज ने कहा कि उनकी सरकार बंधक बनाए गए अर्जेंटीना के नागरिकों का पता लगाने के लिए इजरायली खुफिया बलों से बात कर रही है।
- जर्मनी
जर्मनी ने हत्या और बंधक बनाने के मामले में हमास के लड़ाकों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। जर्मन कानून के तहत, यदि किसी भी अपराध में जर्मनी के नागरिक शामिल हैं या शिकार हैं तो अभियोजक इन अपराधों की जांच कर सकते हैं।

