
महावीर नगर क्षेत्र में कल मंगलवार को कुछ लोगों में उल्टी-दस्त के लक्षणों की सूचना प्राप्त होते ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) को मौके पर भेजा गया। टीम द्वारा क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण एवं स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि क्षेत्र के किसी भी शासकीय अथवा निजी चिकित्सालय में उल्टी-दस्त से पीड़ित कोई भी मरीज भर्ती नहीं है। स्थानीय स्तर पर 15 से 20 लोगों में उल्टी-दस्त जैसे लक्षण होने संबंधी जानकारी प्राप्त हुई, जिनके रक्त नमूने लिए गए। हालांकि जांच के लिए आवश्यक दस्त (स्टूल) के नमूने किसी भी व्यक्ति द्वारा उपलब्ध नहीं कराए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र में ओआरएस के पैकेट एवं क्लोरीन की गोलियों का वितरण किया तथा नागरिकों को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और खान-पान संबंधी स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की। साथ ही लगभग 85 घरों का सर्वेक्षण कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एकत्र की गई।
इस दौरान एक शिशु के चाचा नेहरू अस्पताल में भर्ती होने की सूचना प्राप्त हुई। जांच में पाया गया कि उक्त शिशु किसी अन्य बीमारी से ग्रसित है तथा उसका उपचार अस्पताल में निरंतर जारी है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सक से संपर्क करें तथा स्वच्छता संबंधी सावधानियों का पालन करें। वर्तमान में क्षेत्र की स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है।
