टीएल बैठक सम्पन्न
कलेक्टर श्री वर्मा ने जनकल्याणकारी योजनाओं, यातायात सुधार एवं सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की भी की समीक्षा

कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय में समय-सीमा के पत्रों के निराकरण (टीएल) संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों, गतिविधियों एवं अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जल संवर्धन अभियान, पांडुलिपियों के संरक्षण एवं संवर्धन संबंधी गतिविधियों तथा पीएनजी गैस कनेक्शन विस्तार अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा इनके निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति की जाए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने शहर में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए चल रहे अभियान को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्री बसों द्वारा केवल निर्धारित स्थानों से ही यात्रियों को बैठाया एवं उतारा जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सड़कों पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वाहनों की पार्किंग केवल निर्धारित स्थलों पर ही कराई जाए।

बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने इंदौर के सभी स्कूलों, कॉलेजों एवं छात्रावासों में संचालित मेस एवं कैंटीनों का सघन निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य गुणवत्ता या अन्य किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में राज्य शासन के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे जनकल्याण शिविर अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार, श्री रोशन राय, श्री रिंकेश वैश्य सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

