
इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में शनिवार शाम को नगर निगम के एक कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक नगर निगम की कचरा कलेक्शन गाड़ी का चालक था। घटना के समय उसकी मां सब्जी मंडी गई थीं, जबकि पत्नी बच्चों के साथ मायके गई हुई थी।
एरोड्रम पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अखिलेश चौहान (35) पुत्र लीलाधर चौहान, निवासी छोटा बांगड़दा, तेजाजी मंदिर के पास के रूप में हुई है। वह नगर निगम के जोन-16, वार्ड-15 में कचरा संग्रहण का काम करता था।
बताया जा रहा है कि अखिलेश हनुमानजी के भक्त थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्होंने फांसी लगाने से पहले हनुमानजी की एक तस्वीर अपने सीने से लगा रखी थी। घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था।
परिजनों ने बताया कि मृतक की मां सब्जी मंडी गई हुई थीं। जब वह वापस घर लौटीं तो बेटे को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी और पुलिस को मौके पर बुलाया गया।
जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच कुछ समय से कहासुनी चल रही थी। विवाद के बाद पत्नी बच्चों के साथ मायके चली गई थी और वापस नहीं लौट रही थी। प्रारंभिक तौर पर इसी बात से परेशान होकर अखिलेश द्वारा यह कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
