बड़ा सवाल – क्या इंदौर में आमजन सुरक्षित है?
इंदौर में दस दिन में हत्या की पांचवी वारदात
इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में रविवार को दो मासूम बच्चों के सामने उनके पिता सुरेंद्र साहू की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
दस दिन में तेजाजी नगर, कुंदन नगर, राऊ, लसूड़िया और हीरानगर में पांच हत्याएं
साले की शादी की वर्षगांठ के बाद घर लौटते समय जाम का बगीचा के पास हुआ हमला
बचाने गए रिश्तेदार आशीष पर भी खोला चाकू, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात
इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र में बेकसूर इलेक्ट्रिशियन की बदमाशों ने चाकू मारकर हत्या कर डाली। इलेक्ट्रिशियन दो बच्चों को लेकर घर जा रहा था। बदमाशों ने बच्चों के सामने ही सीने में चाकू घोंपा और चाकू लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस ने एक आरोपित को हिरासत में ले लिया है। घटना गौरीनगर की जाम का बगीचा के समीप की है। 38 वर्षीय सुरेंद्र पुत्र धरमदास साहू की चाकू मारकर हत्या की गई है।
रविवार को सुरेंद्र के साले कुलदीप की शादी की वर्षगांठ का कार्यक्रम था। खाना खाने के बाद सुरेंद्र भतीजे प्रणव और बेटे दक्ष को लेकर पूजा करने घर जा रहा था। रास्ते में कुछ युवक शराब के नशे में आपस में हुज्जत कर रहे थे। एक युवक ने सुरेंद्र को गाली दी और कहा कि स्टैंड ठीक कर ले। सुरेंद्र ने गाली का विरोध किया तो आरोपितों ने घेर लिया।
उसके साथ बच्चों के सामने ही मारपीट करने लगे। कुलदीप के अनुसार दो बदमाशों ने पकड़ लिया और एक ने सीने में चाकू घोंप दिया। प्रणव बचकर भागा और रिश्तेदारों को घटना बताई। बदमाश इसके बाद भी चाकू लहराते रहे। सूचना के बाद भी पुलिस समय पर नहीं पहुंची। टीआई सतीश पटेल खुद देर से आए।
मददगारों पर चाकू खोला और धमकाते हुए निकले बदमाश
रिश्तेदार आशीष के मुताबिक घटना का सीसीटीवी फुटेज भी आया है। आशीष बचाने गया तो एक बदमाश ने उस पर चाकू खोल लिया। उसने ईंट उठाई तो वह आगे निकला। बदमाश चाकू लहरा रहे थे। उनमें पुलिस का जरा भी खौफ नहीं था।
पुलिस का खौफ खत्म : दस दिन में पांचवीं हत्या
शहर में अपराधियों में पुलिस का जरा भी डर नहीं रहा है। नगरीय सीमा में दस दिन के अंदर हत्या की पांचवी वारदात हुई है। नौ अप्रैल को तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में शुभम नाथ की चाकू मारकर हत्या हुई थी। इसके बाद कुंदन नगर में कृष्णा उर्फ गोलू अहिरवार, राऊ में नवीन पाटीदार, लसूड़िया में ढाबाकर्मी और फिर हीरानगर में सुरेंद्र की हत्या कर दी गई।
