
आगामी मानसून एवं संभावित अतिवर्षा तथा बाढ़ की परिस्थितियों से निपटने के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री प्रदीप कुमार शर्मा द्वारा इन्दौर संभाग में संचालित बस ऑपरेटरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्षाकाल के दौरान यात्री सुरक्षा एवं सुगम परिवहन संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बस ऑपरेटरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री शर्मा ने निर्देशित किया है कि पुल-पुलियों पर पानी का बहाव होने की स्थिति में किसी भी परिस्थिति में वाहन को पार न कराया जाए। जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी चेतावनियों का पूर्णतः पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी बसों में ब्रेक, स्टेयरिंग, वाइपर, ब्रेक लाइट, फॉग लैंप, इंडिकेटर, हेडलाइट एवं अन्य तकनीकी उपकरणों की जांच कर उन्हें सुचारू स्थिति में रखा जाए। वाहनों में स्पीड गवर्नर कार्यशील होना चाहिए तथा वाहन नियंत्रित गति से संचालित किए जाएं।

बैठक में बस ऑपरेटरों को निर्देश दिए गए कि वाहन चालक ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करें। चालक वाहन संचालन प्रारंभ करने से पूर्व अपना मोबाइल परिचालक को सौंप दें तथा किसी भी स्थिति में वाहन चलाते समय मोबाइल पर बातचीत न करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है कि वाहनों में प्रवेश एवं निकास द्वार अलग-अलग हों, आपातकालीन द्वार सुचारू रूप से खुलता हो, अग्निशमन यंत्र एवं प्राथमिक उपचार पेटी उपलब्ध हो तथा सभी वैध दस्तावेज जैसे पंजीयन प्रमाण-पत्र, बीमा, फिटनेस एवं परमिट होने पर ही वाहनों का संचालन करें। लोक सेवा वाहन चलाने हेतु चालक के पास वैध एवं अधिकृत ड्राइविंग लाइसेंस होना भी अनिवार्य बताया गया। चालक का लायसेंस वैद्य हो एवं लोक सेवा यान चलाने के लिये प्राधिकृत होना अनिवार्य है। किसी भी स्थिती में वाहन चलाते वक्त मोबाईल का उपयोग न करें। बारिश के दौरान रोड पर वाहनों से थोड़ी ज्यादा डिस्टेंस रखें ताकि जरूरत पड़ने पर वाहन को आराम से रोका जा सकें। बारिश के दौरान कभी भी अचानक या तेज ब्रेक लगाने से बचें, इससे वाहन फिसलने का खतरा अधिक होता है।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री शर्मा ने बताया कि वर्षा के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग करें और खराब टायरों की वजह से वाहन फिसलने का डर बना रहता है इसलिए टायरों की नियमित जांच कर आवश्यकतानुसार उन्हें बदलवाएं। समय-समय पर एयर प्रेशर चेक करते रहें तथा स्टेपनी एवं टायरों के एयर प्रेशर की भी समय-समय पर जांच करें।
