भागीरथपुरा क्षेत्र में रिंग सर्वे प्रारंभ

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

भागीरथपुरा इंदौर में 02 जनवरी 2026 को स्वास्थ्य विभाग ने एक मजबूत रणनीति को अपनाते हुए रिंग सर्वे प्रारंभ किया है। रिंग सर्वे का आशय यह है कि भागीरथपुरा में जो भी हॉट स्पॉट मिले हैं, उनके घरों के आस-पास 50 घरों का सर्वे किया गया। रिंग सर्वे हेतु 20 टीमें क्षेत्र में कार्यरत हैं।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार क्षेत्र में 06 एम्बुलेंस लगाई गई हैं। साथ ही क्षेत्र में 24×7 चिकित्सकों की ड्यूटी क्षेत्र में लगाई गई है। मरीजों को एम.व्हाय. चिकित्सालय, अरविंदों अस्पताल तथा बच्चों को चाचा नेहरु अस्पताल में रेफर किया जा रहा है, जो मरीज निजी चिकित्सालयों में जा रहें हैं, वहॉ पर भी
निःशुल्क उपचार, जॉच एवं औषधि व्यवस्था की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि आज 02 जनवरी 2026 को 3 हजार 679 घरों का सर्वे किया गया, जिसमें से लगभग 141 मरीज मिले। कल की ओपीडी में हल्के लक्षण वाले मरीजों का आज फॉलो अप किया गया, जल स्रोतों की मैपिंग की गई सीवरेज लाइन, ड्रेनेज लाइन और पेयजल पाइपलाइन के लिए नगर निगम और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय किया गया।
उन्होंने बताया कि अभी तक विभिन्न अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या 310 है। साथ ही कुल 107 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। इस तरह वर्तमान में कुल 203 मरीज अस्पताल में भर्ती है, जिनका उपचार किया जा रहा है। वर्तमान में आईसीयू में 25 मरीज भर्ती है।

Exit mobile version