गैरेज में आग, 8 कार, 1 रिक्शा और पास की 3 दुकानें जलीं

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

चोइथराम अस्पताल के पास स्थित लेकपार्क कॉलोनी में सोमवार सुबह एक गैरेज में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग से गैरेज के पास की तीन दुकानें भी चपेट में आ गईं। आग में 8 कारें और एक रिक्शा भी जल गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड और राजेंद्र नगर पुलिस पहुंची। करीब 66 हजार लीटर पानी डालकर आग बुझाई गई।
फायर ब्रिगेड के सब इंस्पेक्टर संतोष दुबे के अनुसार, घटना चोइथराम अस्पताल के सामने स्थित एक ऑटो डील कंपनी के गैरेज की है। आग लगने के कारण क्षेत्र में काफी धुआं फैल गया, जिससे लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस के अनुसार यहां कारों की रिपेयरिंग के साथ उन्हें बेचने का काम किया जाता है। जिस शेड में आग लगी वह चोइथराम अस्पताल की दीवार से लगा हुआ था।
सबसे पहले अस्पताल की तरफ से ही पानी डालकर आग को रोकने का प्रयास किया गया। आग को आसपास के शेड में पहुंचने से फायर टीम ने रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बताया जाता है कि कलर स्प्रे आर अन्य ज्वलनशील केमिकल के चलते आग फैल गई थी।
दुकान में रखी गैस टंकी और सीओ-2 का सिलेंडर निकाला
एसआई दुबे के अनुसार गैरेज के पास ही तीन और दुकानें चपेट में आई हैं। पास में धीरज की स्क्रेप मटेरियल की दुकान, मोहम्मद फरमान की इलेक्ट्रॉनिक आयटम की दुकान और मोहम्मद हुसैन की दुकान है। ये भी चपेट में आ गईं। घटनास्थल पर एक एलपीजी की टंकी और सीओ-टू का एक सिलेंडर भी था। दोनों को निकाला गया। उधर, दुकान संचालक अब्दुल रशीद ने बताया कि घटना के वक्त सभी दुकानें बंद थीं। आग से हमारे गैरेज में खड़ी 8 कारें व एक ई-रिक्शा जल गई।
24 घंटे में दूसरी बड़ी आग लगी
बता दें रविवार सुबह भी सांवेर रोड में एक स्क्रैप गोदाम में आग लग गई थी। धुआं फैलने से क्षेत्र के लोगों को परेशानी हुई थी। धुएं से 4-5 महिलाएं भी बेहोश हो गई थीं। एहतियात के तौर पर मजदूरों ने अपने घरों से सामान बाहर निकाल लिया था।

Exit mobile version