पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह और कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा- व्यवस्थाओं को दिया अंतिम रूप

इंदौर में रविवार 21 जून को NEET (UG) 2026 की पुन: परीक्षा आयोजित की जायेगी। परीक्षा के सफल एवं सुचारू आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह और कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने आज केंद्रीय विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री रोशन राय सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी लिए उन्होंने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम परीक्षा के दौरान रहेंगे। NEET परीक्षा के लिए इंदौर जिले में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 23,089 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम सवा 5 बजे तक आयोजित होगी।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में परीक्षा के सफल एवं सुचारू और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर व्यापक इंतजाम किये जा रहे हैं। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने निर्देश दिए है कि ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए जिससे विद्यार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। परीक्षा केंद्रों में शीतल जल, छाया और बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री वर्मा ने यह भी कहा है कि परीक्षा की गोपनीयता एवं सुचिता का पूरा ध्यान रखा जाए। गड़बड़ी करने वाले या अपवाह फैलाने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचने के लिये एआईसीटीएसएल की बसें उपलब्ध कराई जायेंगी।
सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात की सुगमता के लिये भी विशेष व्यवस्था की गई है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर मेडिकल स्टॉफ एवं पांच केन्द्रों पर एक एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिये व्हीलचेयर आदि की व्यवस्था रहेगी। परीक्षा केन्द्रों पर जनरेटर्स की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। परीक्षार्थियों के अभिभावकों के लिये टेंट एवं पीने के पानी की व्यवस्था केन्द्र के बाहर रहेगी।
परीक्षार्थियों से आग्रह किया गया है कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी और अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर ड्यूटी मजिस्टेट तैनात किये गये है। उड़नदस्तों द्वारा भी प्रत्येक केन्द्र का भ्रमण कर सतत निगरानी रखी जायेगी।
बताया गया कि परीक्षा की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक-109 में कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी रहेंगी।
