इंदौर में अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बुधवार को दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी मात्रा में शराब और दोपहिया वाहन जब्त किए। कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश एवं सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में की गई।
सुपर कॉरिडोर क्षेत्र से 125 क्वार्टर देसी शराब जब्त
कंट्रोलर श्री देवेश चतुर्वेदी एवं डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में वृत्त आंतरिक क्षेत्र क्रमांक-2 की प्रभारी उप निरीक्षक जया मुजाल्दे की टीम ने सुपर कॉरिडोर गांधीनगर क्षेत्र में गश्त के दौरान एक लाल रंग की एक्टिवा को संदेह के आधार पर रोका। वाहन की तलाशी लेने पर एक सफेद बोरे में 125 क्वार्टर देसी प्लेन एवं मसाला मदिरा बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 22.5 बल्क लीटर पाई गई। जब्त मदिरा एवं वाहन का अनुमानित मूल्य लगभग 65 हजार रुपये बताया गया है। मौके से आरोपी करण पिता राधेश्याम को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) ‘क’ के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में आरक्षक उस्मान मिर्जा, एलन बघेल, राहुल जामोद एवं चालक रफीक का सराहनीय योगदान रहा।
मालवा मिल एवं छावनी क्षेत्र में विदेशी शराब जब्त
इसी क्रम में वृत्त मालवा मिल ‘बी’ एवं छावनी क्षेत्र के प्रभारी उप निरीक्षक श्री सुनील कुमार मालवीय की टीम ने भी अवैध मदिरा के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की। कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी, डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीति चौबे एवं आर.सी. डावर के नेतृत्व में टीम ने गश्त के दौरान एक होंडा एक्टिवा को रोका। वाहन के फुटबोर्ड पर रखी गत्ते की पेटी की जांच करने पर उसमें 12 बोतल विदेशी व्हिस्की बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 9 बल्क लीटर थी। जब्त मदिरा एवं वाहन का अनुमानित मूल्य करीब 60 हजार रुपये आंका गया है। आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) ‘क’ के तहत मामला दर्ज कर मदिरा एवं वाहन को जब्त किया गया। इस कार्रवाई में आरक्षक अरविंद शर्मा, विक्रम यादव, कुलदीप एवं विकास मंडलोई का विशेष योगदान रहा।
