इंदौर जिले में स्वच्छ जल अभियान के तहत जल सुनवाई के कार्यक्रम होंगे आयोजित

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

जल संबंधी समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण- सभी पानी की टंकियां की होगी साफ-सफाई
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में बैठक संपन्न
राज्य शासन के निर्देशानुसार इंदौर जिले में भी स्वच्छ जल अभियान प्रारंभ किया गया है इस अभियान के अंतर्गत 13 जनवरी से इंदौर जिले के इंदौर नगर निगम सहित अन्य सभी नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में जल सुनवाई के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से आमजन की पेयजल समस्या से संबंधित शिकायतों को सुनकर उनका मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने निर्देश दिए हैं कि जल की गुणवत्ता के संबंध में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। जल संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
स्वच्छ जल अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आज कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में अभियान क्रियान्वयन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। नगर निगम आयुक्त श्री सिंघल ने अभियान की रूपरेखा के बारे में जानकारी देते हुए जल सुनवाई के संबंध में बताया। उन्होंने बताया कि शुद्ध पेयजल की उपलब्धता तो सुनिश्चित करना ही है साथ ही सभी पेयजल टंकियां की साफ सफाई का कार्य भी अनिवार्य रूप से किया जाना है। बैठक में बताया गया कि इसके साथ ही सभी जल स्रोतों से पेयजल के नमूने लिए जाएंगे और उनका परीक्षण किया जाएगा। साथ ही जल स्रोतों का क्लोरीनाइजेशन भी होगा। बैठक में निर्देश दिए गए की स्वच्छ जल अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए। बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने निर्देश दिए की सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र का भ्रमण करें। लोगों की जल संबंधी समस्याओं को सुने उनका मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जाए। समस्याओं को रजिस्टर में संधारित भी करें।
नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे जल तथा सीवर से संबंधित समस्या की सूचना निर्धारित माध्यमों से संबंधित निकायों को उपलब्ध कराये जिससे कि समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Exit mobile version