हितग्राहियों को मिलेगा एक ही स्थान पर 110 से अधिक शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष जनकल्याण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गये हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में 18 जून 2026 तक जिले के प्रत्येक विकासखंड एवं नगरीय निकाय मुख्यालय पर तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी के अंतर्गत तहसील सांवेर, महूगांव, मानपुर और बेटमा में शिविर लगाए गए। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से जोड़ा गया तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण भी किया गया।
शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित 110 से अधिक योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इनमें आयुष्मान भारत योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं, दिव्यांगजन कल्याण योजनाएं, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विद्युत एवं जल कनेक्शन, भवन अनुमति, ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण सहित अनेक सेवाएं शामिल हैं।
नगर निगम इंदौर द्वारा सभी जोन कार्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे है। 16 जून को जोन क्रमांक 1 से 8, 17 जून को जोन क्रमांक 9 से 15 तथा 18 जून को जोन क्रमांक 16 से 22 तक के क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में विभागीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन, पंजीयन, स्वीकृति एवं लाभ वितरण की कार्रवाई प्राथमिकता से की जा रही है।
शिविरों में विभागीय स्टॉल स्थापित किए गए है, यहां नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी, आवेदन एवं सेवा वितरण की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। लंबित आवेदनों एवं शिकायतों के निराकरण के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। साथ ही विकास एवं जनकल्याण योजनाओं की प्रदर्शनी तथा जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जा रही है।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किये हैं। अपर आयुक्त नगर निगम श्री नरेन्द्र नाथ पाण्डेय को नगरीय क्षेत्र, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संजय तिवारी को ग्रामीण क्षेत्र और पीओ डूडा श्री ओमनारायण बड़कूल को नगरीय निकाय क्षेत्र के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को शिविर आयोजन हेतू सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा अधिकतम पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों से भी शिविरों में सहभागिता कर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की गई है।
