कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट में प्रथम चरण के सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने इंदौर जिले में चल रहे सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि प्रथम चरण के सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण कार्य इंदौर विकास प्राधिकरण और पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन के द्वारा किये जा रहे हैं। इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा इंदौर के नंदानगर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मूसाखेड़ी, सांवेर तहसील में कांकरिया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महू तथा पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन द्वारा शासकीय मॉडल स्कूल महू, शासकीय मॉडल स्कूल देपालपुर, शासकीय मॉडल स्कूल सांवेर और इंदौर के चार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सांदीपनि विद्यालयों का निर्माण कार्य जारी हैं। बैठक में अपर कलेक्टर श्री नवजीवन पंवार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सिद्धार्थ जैन, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती शांता स्वामी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चे हमारे देश का भविष्य है और उनकी पढ़ाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। सांदीपनि विद्यालयों में विद्यार्थियों के दाखिले की संख्या बढ़े, इस पर विशेष ध्यान दिया जाये, इसके लिये कार्ययोजना बनायी जाये। इंदौर जिले के सभी सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण कार्य निश्चित समयसीमा एवं गुणवत्ता के साथ किये जायें। सभी निर्माण कार्यों की सतत मानीटरिंग की जाये। सभी विद्यालयों में फर्निचर, पेयजल, शौचालय आदि सभी मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाये। पेयजल के लिए आरओ की व्यवस्था की जाये। साथ ही पढ़ाई संबंधी आवश्यक संसाधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। साथ ही सांदीपनि विद्यालयों में परिवहन सुविधाओं को भी चाक-चौबंद किया जाये। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय की भूमि संबंधी समस्याओं का समाधान निश्चित समयसीमा में किया जाये। सांदीपनि विद्यालयों के आसपास के अतिक्रमण को हटाया जाये।
