कलेक्टर कार्यालय में कई आवेदक अपनी समस्या लेकर पहुंचे। इनमें स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता, परिवार विवाद, जमीन और अन्य संबंधित मामले शामिल थे। एक मामला आज़ाद नगर क्षेत्र में दूषित पानी की समस्या को लेकर था। इसे लेकर रहवासियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। लंबे समय से गंदे पानी की आपूर्ति से परेशान महिलाओं ने पहले सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंची और ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की।
महिलाओं का कहना है कि क्षेत्र में कई दिनों से लगातार गंदा और दूषित पानी सप्लाई हो रहा है, जिससे बच्चों और परिवार के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आजाद नगर भी भगीरथपुरा जैसी स्थिति की ओर बढ़ सकता है।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने मोबाइल में रिकॉर्ड किए गए वीडियो अधिकारियों को दिखाए, जिनमें पानी की खराब गुणवत्ता साफ नजर आ रही है। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे मजबूर होकर उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ा।
