हिंदू संगठनों ने युवक की पिटाई कर पुलिस को सौंपा:युवती के साथ मिला था, मोबाइल में आपत्तिजनक फोटो-वीडियो मिलने का आरोप

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के आजाद नगर में हिंदू संगठनों ने शनिवार रात हंगामा कर दिया। यहां एक युवती के साथ शिप्रा के एक युवक को पकड़ा गया। संगठन के लोगों ने युवक की जमकर पिटाई की, बाद में उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
आजाद नगर पुलिस ने धन्ना सेठ उर्फ रूहाब शाह, निवासी शिप्रा, पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक इलाके में हिंदूवादी संगठन और कुछ वकीलों ने युवती के साथ इलाके में धन्ना को पकड़ा था।
रहवासियों ने यहां काफी देर तक हंगामा किया। बाद में हिंदूवादियों ने धन्ना को पुलिस के हवाले कर दिया। उनका आरोप था कि धन्ना के मोबाइल में आपत्तिजनक सामग्री मिली है और वह हिंदू युवतियों को अपना शिकार बनाता है। यहां लोगों ने युवती के साथ भी मारपीट की।
युवती ने शिकायत से किया इनकार
थाने में युवती को भी पूछताछ के लिए लाया गया। पुलिस अधिकारियों ने उससे एफआईआर को लेकर बात की, लेकिन उसने शिकायत करने से इनकार कर दिया। उसने बताया कि वह धन्ना को कई सालों से जानती है। रात में हंगामे को देखते हुए पुलिस ने धन्ना को थाने में ही रखा। वहीं शिप्रा पुलिस से भी उसकी जानकारी मंगाई जा रही है।
थाने के घेराव की चेतावनी
इस मामले में हिंदूवादी युवकों और वकीलों ने आजाद नगर थाने का घेराव करने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि धन्ना लंबे समय से इलाके में आता-जाता रहा है और उसके साथ कुछ अन्य युवक भी रहते हैं। उस पर पहले से शादीशुदा होने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि युवती द्वारा शिकायत नहीं करने के चलते पुलिस ने केवल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

Exit mobile version