हाउसिंग बोर्ड ने लगाया समस्या समाधान शिविर

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

शिविर में 300 हितग्राहियों की सुनी गईं समस्याएं , 105 आवेदनों का किया गया त्वरित निराकरण

मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल वृत्त इंदौर में शिविर का हुआ आयोजन

मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल, वृत्त इंदौर द्वारा गुरूवार को विभिन्न कॉलोनियों के निवासियों की समस्याओं के निराकरण के लिए समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मंडल के अध्यक्ष श्री ओम जैन की उपस्थिति रही।
वृत्त कार्यालय, दैनिक भास्कर प्रेस कॉम्प्लेक्स के सामने आयोजित इस शिविर में लगभग 300 हितग्राहियों की समस्याएं सुनी गईं। शिविर के दौरान नामांतरण, लीज नवीनीकरण, रजिस्ट्री, फ्रीहोल्ड, अनापत्ति प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न विषयों से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों पर सुनवाई की गई। प्राप्त 105 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया तथा 5 हितग्राहियों को नामांतरण एवं फ्रीहोल्ड प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
शिविर में प्राप्त मांग आधारित तथा नियमों एवं प्रक्रियाओं में सुधार से संबंधित मामलों के निराकरण के लिए मुख्यालय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से उन संपत्तियों के फ्रीहोल्ड संबंधी मामलों पर चर्चा हुई, जिनका नाम राजस्व अभिलेखों में मंडल के नाम दर्ज नहीं है। अध्यक्ष श्री ओम जैन ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग से समन्वय कर संबंधित कॉलोनियों की भूमि का नामांतरण मंडल के नाम कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
हितग्राहियों ने इस पहल की सराहना करते हुए अध्यक्ष श्री ओम जैन एवं मंडल प्रशासन का आभार व्यक्त किया। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Exit mobile version