सिमरोल में किसान की पीट-पीटकर हत्या:खेत मे गाय घुसने पर विवाद में गई जान, शादी से 15 दिन पहले घर में मातम

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के पास सिमरोल थाना क्षेत्र में खेत विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। चोरल गांव में एक किसान की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या की धाराओं में जांच शुरू कर दी है।
मृतक सूरज (49) पुत्र बद्रीलाल कौशल को बुधवार को गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार सुबह करीब 4 बजे उनकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक 23 मार्च को गांव के ही किसान लालू उर्फ अभिषेक से उनका विवाद हुआ था।
सूरज की गाय लालू के खेत में घुस गई थी, जिससे फसल को नुकसान हुआ। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। सूरज ने नुकसान की भरपाई की बात कही, लेकिन आरोपी ने गुस्से में आकर उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट कर दी। धक्का लगने से गिरने पर पत्थर लगने से उन्हें गंभीर चोट आई।
पहले ट्रामा सेंटर, फिर एमवाय रेफर घटना के बाद घायल सूरज को पहले ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उन्हें एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
15 दिन बाद बेटे की शादी, घर में पसरा मातम परिवार ने बताया कि सूरज के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा सचिन (22) की शादी करीब 15 दिन बाद तय थी। घटना के दिन वह ससुराल पातालपानी में शादी की रस्म के लिए गया हुआ था। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना के बाद खुशियां मातम में बदल गईं।
पुलिस कर रही जांच पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या की दिशा में जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version