शहर में अब गाड़ी चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करना भारी पड़ सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में टीमें तैनात कर दी गई हैं, जो टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर चालकों पर नजर रख रही हैं।
दो दिन में 80 चालान, अब और सख्ती डीसीपी (ट्रैफिक) राजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक, बीते दो दिनों में मोबाइल इस्तेमाल करते पकड़े गए 80 वाहन चालकों के चालान बनाए जा चुके हैं। फिलहाल आंकड़ा कम है, लेकिन आने वाले दिनों में अभियान और तेज किया जाएगा।
एक हजार रुपए का लगेगा जुर्माना ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गाड़ी चलाते समय मोबाइल का उपयोग करते पाए जाने पर 1000 रुपए का चालान किया जाएगा। यह कार्रवाई शहरभर में लगातार जारी रहेगी।
लापरवाही बन सकती है हादसे की वजह डीसीपी ने बताया कि ड्राइविंग के दौरान मोबाइल पर ध्यान देने से सड़क से फोकस हट जाता है, जिससे दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसलिए पुलिस न सिर्फ चालान करेगी, बल्कि लोगों को समझाइश भी देगी।
अभियान रहेगा जारी ट्रैफिक पुलिस की सभी टीमों को निर्देश दिए जा चुके हैं कि ट्रैफिक मैनेजमेंट के साथ-साथ इस नियम का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई करें। आने वाले दिनों में शहर में यह अभियान और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
