संभाग के 8 जिलों में धरती आबा योजना में 292 करोड़ के विकास कार्यों को मिली स्वीकृति कार्य प्रारंभ

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

इवेंट मैनेजमेंट,रियल स्टेट एंड प्रॉपर्टी मैनेजमेंट सहित उच्च शिक्षा विभाग ने सीधे रोजगार से जुड़े 12 नए स्नातक पाठ्यक्रम किए प्रारंभ

आईटीआई में प्रशिक्षण लेने वाले 960 विद्यार्थियों के लिए बन रहे छात्रावास और 6 ट्रेड के भवन

संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने शिक्षा से जुड़े सभी विभागों के साथ की समीक्षा

इंदौर संभागायुक्त डॉ.सुदाम खाड़े ने संभागायुक्त कार्यालय में शिक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण विभागों के साथ समीक्षा की। इसमें उन्होंने स्कूल शिक्षा सहित जनजाति कार्य, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा सहित श्रम विभाग अंतर्गत संचालित आवासीय शिक्षा के संबंध में नवीन शिक्षा सत्र में पंजीकृत विद्यार्थियों सहित उन्हें सायकिल वितरण के अलावा इससे जुड़े अहम बिंदुओं पर समीक्षा की। बैठक में संयुक्त आयुक्त (विकास) श्रीमती शिवानी वर्मा, जनजाति कार्य विभाग उपायुक्त श्री गणेश भाभर, कौशल विकास विभाग संयुक्त संचालक श्री निखिल सिंघल, उच्च शिक्षा विभाग अपर संचालक डॉ. किरणबाला सलूजा सहित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जनजाति कार्य विभाग द्वारा बताया गया कि धरती आबा योजनांतर्गत शिक्षा सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति हुई है। शासन द्वारा संभाग के 8 जिलों में जनजाति जनपदों में 292 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत किए है। इसमें 32 कार्य पूर्ण किए गए है। जबकि शेष कार्य प्रगतिरत के साथ ही कार्य आदेश जारी करने, निविदापूर्ण व निविदाएं आमंत्रित करने की स्थिति में है। सबसे अधिक 70 कार्य धार जिले में स्वीकृत होकर 14 कार्य पूर्ण हो चुके है।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा बताया गया कि विभाग द्वारा 12 नए पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाने है जो सीधे रोजगार से जुड़े है। संभागायुक्त डॉ.खाड़े ने निर्देश दिए है कि इन नवीन पाठ्यक्रमों की निरंतर निगरानी करते हुए बेहतर गेस्ट फैकल्टी को आमंत्रित करते हुए विजिट एक्सपोजर के लिए भी ले जाने की रूपरेखा बनाए। इन 12 पाठ्यक्रमों में बी.कॉम इन रिटेल ऑपरेशन व लॉजिस्टिक, एचआर ऑपरेशन, इवेंट मैनेजमेंट, डिजिटल मार्केटिंग एंड एडवरटाइजिंग, रियल स्टेट एंड प्रॉपर्टी मैनेजमेंट और बी.एससी टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी शामिल है।
कौशल विभाग द्वारा बताया गया कि सम्भाग में 9 आईटीआई में 6 ट्रेड भवन तथा 60-60 सीटर के बालक व बालिकाओं के विद्यार्थियों के लिए छात्रावासों का कार्य प्रारंभ हो गया है। जबकि खरगोन के बड़वाह में 30-30 बालक व बालिकाओं के लिए छात्रावास का निर्माण प्रारंभ किया गया हैं। इस तरह 1020 बालक-बालिकाओं की सीट के लिए छात्रावास बनना प्रारंभ हो चुके है।
संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कौशल विकास विभाग को निर्देश दिए है कि नवीन सत्र प्रारंभ होने पर संबंधित क्षेत्र के स्कूल में विद्यार्थियों और प्राचार्यों से चर्चा करें।
बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने जनजाति कार्य विभाग, उच्च शिक्षा विभाग और शिक्षा विभाग से स्कूलों व महाविद्यालयों की निगरानी संबंधी जानकारी पृथक से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। शिक्षा विभाग की डीपीसी होने से समीक्षा नहीं की जा सकीं। अब जनजाति कार्य विभाग के शेष कार्यों और शिक्षा विभाग की अलग से समीक्षा की जाएगी।

- Advertisement -
Exit mobile version