एक शाम माताजी–भेरूजी के नाम : भजन संध्या एवं जागरण में उमड़ा समाज का जनसैलाब

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

पालीवाल ब्राह्मण समाज 24 के सामाजिक संगठन “आप और हम” के तत्वावधान में आयोजित “एक शाम माताजी–भेरूजी के नाम” के द्वितीय वर्ष के भव्य भजन संध्या एवं रात्रि जागरण में समाजजनों का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। पालीवाल समाज 24 श्रेणी की अन्नपूर्णा धर्मशाला, इमली बाजार में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवाओं ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता निभाई। देर रात तक माता राकड़ी एवं भैरवजी (भेरूजी) के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में गूंजता रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात राजस्थान से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक विनोददास जी गुर्जर, पिंटूजी माली एवं बद्रीदास जी वैष्णव तथा इंदौर के पीयूष जी पालीवाल ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में सराबोर होकर भजनों का आनंद लेते रहे।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राजस्थान से आए माँ चामुंडा ग्रुप द्वारा प्रस्तुत सजीव धार्मिक झांकियां रहीं। ग्रुप ने हनुमानजी, अंबे मां, दुर्गा मां, कालका मां एवं कालाजी-गोराजी की आकर्षक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। वहीं 125 किलो की साकलों (जंजीरों) के साथ प्रस्तुत की गई भैरवजी की भव्य झांकी पूरे आयोजन का केंद्र बिंदु रही। इस अनूठी प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को रोमांचित कर दिया और पूरे पंडाल को भक्तिमय ऊर्जा से भर दिया।

इस अवसर पर आयोजन समिति “आप और हम” द्वारा माताजी के मंदिर में श्रद्धापूर्वक एक ढोल भेंट किया गया। यह सेवा समाज की धार्मिक आस्था एवं परंपराओं के प्रति समर्पण का प्रतीक रही।

- Advertisement -

आयोजन को सफल बनाने में समिति के शरद जोशी, रवि जोशी, विभांशु उपाध्याय, आदित्य जोशी, दिव्यांशु पालीवाल, कुणाल जोशी, कृष्ण जोशी एवं सक्षम जोशी सहित सभी कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। समाजजनों ने आयोजन समिति के प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए इसे धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक विरासत को सुदृढ़ करने वाला सफल एवं ऐतिहासिक आयोजन बताया।

Exit mobile version