मोहर्रम पर्व के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक इंदौर ग्रामीण श्री राजेंद्र कुमार वर्मा ने किया जुलूस मार्ग का निरीक्षण

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

आगामी मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक इंदौर ग्रामीण श्री राजेंद्र कुमार वर्मा ने गौतमपुरा क्षेत्र में मोहर्रम जुलूस मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान अनुभागीय अधिकारी पुलिस श्री संगग्रीय सम्राट, उप पुलिस अधीक्षक श्री नितिन सिंह, रक्षित निरीक्षक श्री योगेंद्र सिंह भाटी, थाना प्रभारी गौतमपुरा श्रीमती अल्का मीना सहित पुलिस बल उपस्थित रहा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा ने जुलूस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलूस मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित निराकरण किया जाए, जिससे मार्ग में कोई अवरोध उत्पन्न न हो।
पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा ने शांति समिति की बैठकें पूर्व से आयोजित करने, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं समिति सदस्यों के साथ सतत संवाद बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी ताजिया समितियों एवं ताजिया रखने वाले व्यक्तियों के साथ समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया।
उन्होंने थाना प्रभारी गौतमपुरा को जनसहयोग से स्थापित लगभग 50 सीसीटीवी कैमरों को शीघ्र चालू कराने तथा मोहर्रम जुलूस एवं ताजियों के निर्धारित मार्गों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था एवं निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के उपरांत श्री वर्मा ने थाना गौतमपुरा का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने थाने के अभिलेखों, जन शिकायतों के निराकरण, लंबित प्रकरणों की समीक्षा, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के समय-सीमा में निराकरण तथा थाने की समग्र कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों का नियमित रूप से गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Exit mobile version