जनहितकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था पर किया संवाद
पुलिस अधीक्षक इंदौर ग्रामीण श्री राजेंद्र कुमार वर्मा ने आज थाना चंद्रावतीगंज का भ्रमण कर जनसंवाद कार्यक्रम में आमजन से संवाद किया। इस दौरान कार्यक्रम में अनुभागीय अधिकारी पुलिस श्री धवेश सिंह, उप पुलिस अधीक्षक श्री नितिन सिंह यादव, रक्षित निरीक्षक श्री योगेंद्र भाटी, थाना प्रभारी चंद्रावतीगंज श्री विनय आर्य सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में चंद्रावतीगंज एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 200 महिला एवं पुरुष नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा ने पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए राहगीरी योजना, राहत योजना, हिट एंड रन योजना, महिला सुरक्षा, नाबालिगों से संबंधित अपराधों की रोकथाम तथा कानून व्यवस्था संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग आमजन की सुरक्षा, सहायता एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर कार्यरत है तथा इसमें नागरिकों का सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने आगामी त्योहारों, सार्वजनिक आयोजनों, हाट-बाजारों एवं यातायात व्यवस्था के दौरान पुलिस प्रशासन को सहयोग प्रदान करने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने थाना चंद्रावतीगंज की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए थाना भवन की सुव्यवस्थित व्यवस्था एवं पुलिस स्टाफ के कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। नागरिकों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराने संबंधी सुझाव भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा ने क्षेत्र के बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं आवासीय कॉलोनियों में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जनसहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों को “सुरक्षित चंद्रावती – हमारी साझा जिम्मेदारी” अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए, महिला एवं संवेदनशील मामलों में विशेष गंभीरता बरती जाए, घटनाओं पर तत्काल प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए तथा क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग एवं संपर्क बनाए रखा जाए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों ने क्षेत्र में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करने तथा आमजन की समस्याओं को सुनने के लिए पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया।
