मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तुलसी नगर पुलिया से निपानिया तक सड़क निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन

By Abhishek Raghuvanshi
5 Min Read

प्रदेश का सर्वांगीण विकास ही शासन का संकल्प-मुख्यमंत्री डॉ. यादव

नई विकास परियोजनाओं की हुई घोषणा, हितग्राहियों को किया हितलाभ का वितरण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर में आयोजित लोकार्पण व भूमिपूजन कार्यक्रम में कहा कि नगर निगम ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा स्वच्छता अभियान में इंदौर ने देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है और लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। राज्य सरकार ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया है और उसी दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अवधि में देश ने विकास के अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि के प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश और प्रदेश दोनों विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। आज देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को नई मजबूती मिली है। प्रदेश के सभी 55 जिलों में विकास के विभिन्न मानकों पर निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना, रोजगार और जनकल्याण के क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को विकास का लाभ मिल सके।


मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजनांतर्गत जोन 8 में सड़क का भूमिपूजन
इन्दौर के जोन क्रमांक 8 के वार्ड क्रमांक 37 में तुलसी नगर पुलिया से निपानिया तक प्रस्तावित सड़क विकास कार्य और प्राइमरी तथा आंतरिक सीवर लाइन निर्माण कार्य का आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा रिमोट बटन दबाकर भूमि पूजन एवं शुभारंभ किया गया। जिसमें सड़क निर्माण कार्य की लागत 13.26 करोड़ और प्राइमरी तथा आंतरिक सीवर लाइन निर्माण कार्य की लागत 2.64 करोड़ रुपए है। यह सड़क लगभग 1.30 किलोमीटर लंबी एवं इन्दौर विकास योजना-2021 के अनुसार 30 मीटर चौड़ाई में निर्मित होगी। परियोजना के अंतर्गत सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण, सीवर चैम्बरों का सुदृढ़ीकरण, फुटपाथ निर्माण तथा विद्युत लाइन शिफ्टिंग सहित विभिन्न अधोसंरचनात्मक कार्य किए जाएंगे। सड़क के निर्माण से तुलसी नगर, निपानिया, अंकुर आंगन, राजाराम ऐवेन्यु तथा महालक्ष्मी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के रहवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी और नागरिकों को बेहतर एवं नई कनेक्टिविटी उपलब्ध हो सकेगी। सड़क निर्माण कार्य का दायित्व मेसर्स के. एन. नारंग्स, भोपाल को सौंपा गया है, जबकि कार्य के सुपरविजन एवं क्वालिटी कंट्रोल की जिम्मेदारी मे. एस.एन.एस. एसोसिएट्स, इन्दौर द्वारा निभाई जाएगी। भूमिपूजन समारोह की शुरुआत समस्त जन द्वारा वंदे मातरम् गीत के गायन से की गई। तत्पश्चात मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं समस्त जन द्वारा दीप प्रज्वलन कर पूजन अर्चन किया गया। महापौर इंदौर श्री पुष्यमित्र भार्गव द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पुष्पगुच्छ और तुलसी का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा विकास कार्यों की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा भूमिपूजन समारोह में कनाड़िया रोड से खजराना रोड तक लगभग 1400 मीटर लिंक रोड बनाने की घोषणा की। उन्होंने पूर्वी रिंग रोड से रॉबट चौराहे तक 6 लेन फ्लाईओवर बनाने की घोषणा की। जिसकी अनुमानित लागत लगभग 50 करोड़ रुपए होगी। उन्होंने कहा कि अवैध कालोनियों को वैध करने के लिए भी ठोस कार्य करने के प्रयास करेंगे।
हितलाभ का किया गया वितरण

- Advertisement -


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना अंतर्गत 2 हितग्राही को हितलाभ वितरण किया गया जिसमें श्री राहुल मर्मट और श्री जगदीश उपाध्याय को 50 हजार का प्रतीकात्मक चेक मंच से प्रदान किया गया।
इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, इन्दौर महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, क्षेत्रीय विधायक श्री महेन्द्र हार्डिया, श्री मधु वर्मा, श्री रमेश मेंदोला, श्री सुमित मिश्रा तथा संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अमला उपस्थित रहे।

Exit mobile version