इंदौर जिले के महू में पत्ती बाजार क्षेत्र में पेट के संक्रमण के प्रकरण सामने आने पर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर आज 12 सर्वे टीमें लगाई गईं। जिन्होंने शाम तक 80 से अधिक घरों का सर्वे किया। पत्ती बाजार क्षेत्र की अनुमानित जनसंख्या लगभग 2500 है। दो अस्थाई अस्पताल प्रभावित क्षेत्र में बनाए गए हैं। सर्वे में संदिग्ध 12 मरीज आए हैं, जो उपचाररत हैं।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी द्वारा क्षेत्र में उपस्थित रहकर सतत निगरानी रखी जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि पत्ती बाजार क्षेत्र में रक्त एवं पानी के नमूने जॉच हेतु लिए जा रहे हैं। अभी तक कुल 08 मरीज भर्ती हैं, 02 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। स्थानीय शिशुरोग विशेषज्ञों के साथ-साथ दो अतिरिक्त शिशुरोग विशेषज्ञों की सेवाएं प्रभावित क्षेत्र में ली जा रही हैं। मेडिकल कॉलेज के कम्यूनिटी मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञों एवं गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में उपचार जारी है।
माईकिंग द्वारा उबला पानी पीने एवं बाहर का भोजन व बाहर के कटे फल नहीं खाने की समझाईश भी दी जा रही है। ओ.आर.एस., ग्लूकोज, जिंक एवं क्लोरिन टेबलेट का वितरण किया जा रहा है एवं प्रभावित क्षेत्र में 02 एम्बुलेंस लगाई गई हैं।
