इंदौर की सड़कों पर कानून का खुलेआम उल्लंघन करते हुए कुछ युवक कार में लटककर हुड़दंग कर रहे थे। उन्होंने बीट के दो सिपाहियों को कट भी मारी। युवाओं का हुड़दंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। तुकोगंज पुलिस ने दो कारों को जब्त कर चार युवकों को गिरफ्तार भी किया है।
टीआई जितेंद्र यादव के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मयूर (20) पिता मुरारी लाल माटा निवासी सुदामा नगर और सुमित (23) पिता अजय शर्मा निवासी शीतल नगर बाणेश्वरी कुंड के पीछे हैं। ये दोनों थार चला रहे थे। वहीं स्विफ्ट कार में लटकने वाले हेमांशु (18) पिता शिव कुमार कुशवाह निवासी गणेश धाम, जय (18) पिता जितेंद्र ठाकरे निवासी कुशवाहा को भी पकड़ा है। पुलिस ने आरक्षक देवेंद्र जादौन की तरफ से शिकायत दर्ज की है। जादौन ने बताया कि मैं और मेरा साथी धर्मवीर हम दोनों बीट में घूम रहे थे, तभी थार और दूसरी कार में युवक लटककर तेजी से जा रहे थे। उन्होंने हमें कट मारी और हम गिरते-गिरते बचे। इसके बाद आरोपियों ने कार को आगे जाकर रोका और फिर तेजी से दौड़ा दी।
