MP Crime: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक गंभीर अपराध का मामला सामने आया है, जहां रैपिडो चालक पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप लगा है। खास बात यह रही कि पीड़िता ने चैटजीपीटी (ChatGPT) की मदद से महिला अपराध हेल्पलाइन नंबर खोजकर पुलिस से संपर्क किया। सूचना मिलने पर रावजी बाजार पुलिस ने देर रात FIR दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया
मोबाइल के स्क्रीनशॉट से हुई आरोपी की पहचान
रावजी बाजार पुलिस ने केस में दर्ज की FIR
आरोपी बीए का छात्र, पार्ट-टाइम चालक था
इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में रैपिडो चालक द्वारा 17 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने घटना के बाद चैटजीपीटी (ChatGPT) के माध्यम से महिला अपराध से संबंधित हेल्पलाइन नंबर सर्च कर पुलिस से संपर्क किया। सूचना मिलने पर रावजी बाजार थाना पुलिस ने देर रात एफआईआर दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित की पहचान और पृष्ठभूमि
पुलिस ने आरोपी की पहचान अंकित नागर के रूप में की है, जो मूल रूप से राजगढ़ का निवासी है। वह वर्तमान में इंदौर के नेहरू नगर क्षेत्र में दोस्तों के साथ किराये के कमरे में रहकर बीए की पढ़ाई कर रहा था। जेब खर्च के लिए वह पार्ट-टाइम रैपिडो चालक के रूप में काम करता था।
कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने मोबाइल ऐप के माध्यम से राजवाड़ा जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी। आरोप है कि चालक ने उसे राजवाड़ा न ले जाकर सस्ते कपड़े दिलाने का झांसा देकर परदेशीपुरा क्षेत्र ले गया। वहां कथित रूप से घटना को अंजाम देने के बाद रात करीब नौ बजे पीड़िता को शनि मंदिर के पास छोड़कर फरार हो गया।
जांच में उठे कुछ सवाल
जांच में शामिल अधिकारियों के अनुसार पीड़िता के कुछ बयानों को लेकर संदेह भी सामने आया है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता थाने के नजदीक की रहने वाली है, इसके बावजूद उसने तत्काल कॉल नहीं किया और न ही स्वजनों को घटना की जानकारी दी। पीड़िता के मोबाइल से रैपिडो बुकिंग की हिस्ट्री भी डिलीट मिली है।
स्क्रीनशॉट से मिला अहम सुराग
थाना प्रभारी उमेश यादव के अनुसार पीड़िता ने रैपिडो बुकिंग के दौरान स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया था। इसी के आधार पर आरोपित तक पुलिस पहुंच सकी। पुलिस ने देर रात अंकित नागर को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
