इलेक्ट्रिक व्हीकल में यदि चूहे ने वायर काटा या सड़क या किसी और कारण से वायर लूज होने पर बाद में गर्मी के दौरान कभी भी चिंगारी निकल सकती है और आग भड़क जाती है।
13 जनवरी को ही सड़क पर चलती हुई इलेक्ट्रिक कार आग का गोला बन गई थी
ये दो करोड़ 80 लाख रुपये कीमत की विदेशी टाइकान स्पोर्ट्स कार थी
कार के मालिक के अनुसार ईवी भारतीय परिस्थितियों के लिहाज से मुफीद नहीं
इंदौर। पुगलिया परिवार की मौत के बाद इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) की सुरक्षा पर बात हो रही है। हालांकि दुर्घटना इससे पहले भी हो चुकी थी। इंदौर में 13 जनवरी को ही सड़क पर चलती हुई इलेक्ट्रिक कार आग का गोला बन गई थी।
खास बात ये कि ये कोई आम कार नहीं, बल्कि दो करोड़ 80 लाख रुपये कीमत की विदेशी टाइकान स्पोर्ट्स कार थी। कार में उठी एक चिंगारी ने शोले का रूप लिया और पूरी कार को कुछ मिनट में राख में बदल दिया था। स्पोर्ट्स कार के मालिक कह रहे हैं कि असल में ईवी भारतीय परिस्थितियों के लिहाज से मुफीद है ही नहीं।
शार्ट सर्किट के कारण कार ने आग पकड़ी
जलकर राख होने वाली टाइकान स्पोर्ट्स कार के मालिक संस्कार दरियानी के अनुसार उनके पिता कार चला रहे थे। उसी दौरान जलने की गंध आई और धुआं दिखा तो वे कार को रोककर उतर गए। पास में ही मौजूद पीसीआर वैन से मदद मिली। फायर एक्सटिंग्विशर से आग पर फोम डाला गया लेकिन आग उससे भी नहीं थमी और कुछ देर में पूरी कार राख में बदल गई।
बाद में हमें बताया गया कि वायर में शार्ट सर्किट की चिंगारी से कार ने आग पकड़ी। घटना के वक्त कार में सवार रहे दीपक दरियानी के अनुसार दरअसल इलेक्ट्रिक व्हीकल में पूरा मैकेनिज्म वायर और बैटरी के आसपास केंद्रित रहता है।
आग की घटना के बाद पता किया तो जानकारी मिली कि यदि चूहे ने वायर काटा या सड़क या किसी और कारण से वायर लूज होने पर बाद में गर्मी के दौरान कभी भी चिंगारी निकल सकती है और आग भड़क जाती है। भारतीय परिवेश में खराब सड़कें, चूहे और गर्मी आम है। ऐसे में ईवी को सुरक्षित मानने में संकोच होने लगा है।
कांग्रेस नेता-व्यापारी के मकानों में लग चुकी आग
पिछले साल अक्टूबर में एबी रोड पर कांग्रेस नेता प्रवेश अग्रवाल के पेंट हाउस में आग लगी थी, जिसमें दम घुटने से उनकी मौत हो गई थी। फरवरी 2024 में किराना व्यापारी जितेंद्र गोयल के तीन मंजिला मकान में आग लग गई थी। जितेंद्र की किराना दुकान है।
आग में जितेंद्र की पत्नी अनिता फंस गई और दम घुटने से मौत हो गई। मई 2022 में एक सिरफिरे ने राधिका कुंज की मल्टी में आग लगा दी थी। इस घटना में सात लोगों की दम घुटने से मौत हो गई थी। इमारत में फायर सेफ्टी नहीं थी।
