इंदौर में हार्डवेयर कारोबारी ने खुद को गोली मारी, मौत:विदेश जाने को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था, बच्चों के आने के बाद होगा अंतिम संस्कार

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर में हार्डवेयर कारोबारी सुधीर पाटनी पिता राजवीर पाटनी ने अपनी पिस्टल से खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। घटना रविवार रात करीब 12 बजे की है। इससे पहले बच्चों के पास विदेश जाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शव का पोस्टमार्टम हो चुका है, लेकिन अंतिम संस्कार बच्चों के विदेश से आने के बाद होगा।
62 वर्षीय पाटनी बॉम्ब हॉस्पिटल के पीछे पॉश टाउनशिप ‘शांति निकेतन’ में रहते थे। वे शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी थे। उनके दोनों बच्चे (बेटा और बेटी) यूएसए में रहते हैं। डीसीपी जोन-2 अमरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि सुधीर पाटनी और उनकी पत्नी के बीच में रात में विवाद हुआ था। इसके बाद पाटनी कमरे में गए और खुद को गोली मार ली।
पत्नी को विदेश जाने से रोक रहे थे
पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पाटनी की पत्नी आज दोपहर की फ्लाइट से बच्चों के पास विदेश जाने वाली थीं, लेकिन रात में पाटनी ने पत्नी से कहा कि वह विदेश ना जाएं। इस बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि पत्नी लंबे समय से बच्चों के पास विदेश जाने के लिए कह रही थी, लेकिन पाटनी लगातार मना कर रहे थे।
कमरे से दूर थी पत्नी
जिस वक्त पाटनी ने खुद को गोली मारी, उस समय उनकी पत्नी घर में ही थीं, लेकिन उनसे काफी दूर थीं। जब वे कमरे में पहुंचीं तो पाटनी पड़े हुए थे और उनके सिर से खून वह रहा था।
एमवाय हॉस्पिटल में रखवाई बॉडी
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर एमवाय हॉस्पिटल में रखवा दिया है। दरअसल, इंदौर में पाटनी के परिवार का कोई नहीं है। बच्चे भी यूएसए में हैं। बच्चों को घटना की सूचना दे दी गई है। वे आएंगे तब पाटनी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Exit mobile version