हीरानगर थाना क्षेत्र में एक निजी कंपनी में कार्यरत रही 23 वर्षीय युवती ने अपने सीनियर अधिकारी पर छेड़छाड़ और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार युवती अपने कजिन के साथ थाने पहुंची और बताया कि वह एक निजी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। उसने 9 फरवरी को जॉइनिंग की थी और 26 अप्रैल तक काम किया।
पीड़िता के मुताबिक कंपनी से जुड़े एक वरिष्ठ कर्मचारी ने 10 अप्रैल को उसे केबिन में बुलाया और काम के सिलसिले में मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद उसने ऑफिस के बाहर मिलने की बात कही।
युवती ने आरोप लगाया कि 26 अप्रैल को आरोपी उसे कार में बैठाकर यह कहकर एक स्थान पर ले गया कि अन्य कर्मचारी भी ट्रेनिंग के लिए आ रहे हैं। इसके बाद उसे बजरंग नगर स्थित एक फ्लैट पर ले जाया गया, जहां कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था।
“कमरे में ले जाकर की अश्लील हरकत”
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने कमरे का दरवाजा बंद कर लाइट बंद कर दी और उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी पीछे हट गया।
युवती के अनुसार आरोपी ने उसे धमकाया कि यदि उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। बाद में उसे रॉयल बंगला क्षेत्र के पास छोड़कर चला गया।
घटना के बाद नौकरी छोड़ी
घटना के बाद युवती ने ऑफिस जाना बंद कर दिया। परिवार को पूरी जानकारी देने के बाद रविवार को वह थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
हीरानगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की पुष्टि के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
