इंदौर में युवक ने फांसी लगाई, मौत:पत्नी के संबंधों को लेकर हो रहा था विवाद, मोबाइल से डिलीट हुए मैसेज

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के लसूडिया क्षेत्र में युवक ने रविवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता तब चला जब उसकी बेटी ने उसे फंदे पर लटका देखा।
लसूडिया पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कृष्णा भालेराव (36) पुत्र बलिराम भालेराव, निवासी बापू गांधी नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी के विवाद को लेकर तनाव
परिजनों के मुताबिक, मृतक की पत्नी रीना की दोस्ती खरगोन के खामखेड़ा निवासी रविंद्र मानकर से थी। इस बात को लेकर दंपति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
बताया गया कि रविंद्र द्वारा कृष्णा के मोबाइल पर फोटो और मैसेज भेजे जाते थे, जिससे घर में तनाव बना रहता था। 16 अप्रैल को भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसमें पत्नी ने मोबाइल से फोटो और मैसेज डिलीट कर दिए।
पहले भी हो चुका था विवाद और मारपीट
परिजनों ने बताया कि कुछ समय पहले खरगोन में विवाद के दौरान कृष्णा के साथ मारपीट की गई थी और उस पर मामला भी दर्ज कराया गया था।
15 साल पहले हुई थी शादी
कृष्णा और रीना की शादी को करीब 15 साल हो चुके थे। उनके एक बेटा और एक बेटी है। कृष्णा पेंटिंग का काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Exit mobile version