इंदौर में फर्जी डॉक्टरों पर बड़ा एक्शन, इलेक्ट्रोहोम्योपैथी की डिग्री लेकर कर रहे थे एलोपैथी इलाज, दो क्लीनिक सील

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
Indore Farzi Doctor | Madhya Pradesh Fake MBBS Doctor Khalil Ahmad Case

इंदौर में इलेक्ट्रोहोम्योपैथी सहित अन्य डिग्री से मरीजों का एलोपैथी इलाज किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के दो बार निर्देश के बाद भी क्लीनिक बंद नहीं किया था।
शहर में अवैध क्लीनिकों के खिलाफ अभियान जारी
प्रशासन के आदेश को ठेंगे पर रखना पड़ा महंगा
झोलाछाप डॉक्टरों के ठिकानों को किया गया बंद
इंदौर। शहर में इलेक्ट्रोहोम्योपैथी सहित अन्य डिग्री से मरीजों का एलोपैथी इलाज किया जा रहा है। शनिवार को अर्बन ब्लाक मेडिकल आफिसर डॉ. दिव्यानी अहरवाल द्वारा पुलिस प्रशासन के सहयोग से ओम साईं क्लिनिक को सील किया गया। उक्त क्लिनिक का संचालन कमल गुर्जर द्वारा किया जा रहा था। इनके पास इलेक्ट्रोहोम्योपैथी की डिग्री है।
निर्देशों की अवहेलना और ओम साईं क्लिनिक सील
इन्हें पूर्व में 20 मई और 20 जून को क्लिनिक बंद करने के लिए निर्देशित किया गया था। लेकिन निर्देशों की अवहेलना करते हुए क्लिनिक का संचालन निरंतर जारी रखा गया। निरीक्षण के दौरान क्लिनिक में एलोपैथिक पद्धति से उपचार किया जाना पाया गया। इसपर क्लीनिक को सील करने की कार्रवाई की गई।
संजीवनी क्लीनिक पर भी बड़ी कार्रवाई
इसी प्रकार अभिषेक नगर, मुसाखेड़ी स्थित दिनेश गुर्जर के संजीवनी क्लीनिक को भी सील किया गया। क्लीनिक को पूर्व में भी बिना वैध चिकित्सकीय अर्हता एवं आवश्यक वैधानिक दस्तावेजों के संचालन किए जाने के कारण बंद करने के निर्देश दिए गए थे।
जन सुरक्षा के लिए अभियान रहेगा जारी
सीएमएचओ डॉ. माधव हासानी ने बताया कि यह कार्रवाई आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की गई है। बिना वैधानिक अनुमति अथवा निर्धारित चिकित्सकीय अर्हता के चिकित्सा व्यवसाय का संचालन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version