इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के बाद एक महिला द्वारा आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला ने मौत से पहले वीडियो बनाकर आरोपी को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है।
पुलिस के मुताबिक घटना 2 अप्रैल की रात ग्राम सोनगुराड़िया की है। महिला घर पर अकेली थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य सुंदरकांड कार्यक्रम में गए हुए थे।
इसी दौरान रिश्तेदार महेंद्र पुत्र इंदरसिंह चौहान घर पहुंचा और महिला को अकेला पाकर जबरदस्ती की।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 108 और 64(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
मौत से पहले वीडियो और सुसाइड नोट
मामले में महिला का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह आरोपी महेंद्र चौहान पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए उसे अपनी मौत का जिम्मेदार बता रही है।
इसके अलावा एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें महिला ने साफ लिखा है कि उसकी मौत के लिए आरोपी जिम्मेदार है, जबकि ससुराल पक्ष का कोई दोष नहीं है।
मानसिक आघात में उठाया खौफनाक कदम
घटना के बाद महिला गहरे मानसिक तनाव में आ गई। 8 अप्रैल को उसने घर में सल्फास खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इंदौर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
