इंदौर में डंपर ने पिकअप को मारी टक्कर:विजय नगर चौराहे की घटना, पिकअप पलटी, ड्राइवर घायल, डंपर चालक भागा

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

विजयनगर चौराहा पर मंगलवार अलसुबह तेज रफ्तार डंपर और पिकअप वाहन की टक्कर में बड़ा हादसा हो गया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक घटना मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे की है। डंपर क्रमांक MP09AZ5871 ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप काफी दूर तक घसीटाती चली गई और बाद में पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पिकअप चालक को वाहन से बाहर निकाला। उसके सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल अस्पताल रवाना किया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस की एफआरवी टीम मौके पर पहुंची और डंपर को जब्त कर लिया। वहीं फरार चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन रेडिसन होटल की तरफ से आ रहा था, जबकि डंपर रसोमा चौराहे की ओर से आ रहा था। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है।

Exit mobile version