इंदौर में आधी रात महिला के घर पहुंचा युवक:बच्चे को साथ ले जाने की कोशिश; चाकू दिखाकर धमकाने का आरोप

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बीच एक युवक पर महिला के घर पहुंचकर मारपीट करने, चाकू दिखाकर धमकाने और बच्चे को अपने साथ ले जाने की कोशिश करने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाणगंगा पुलिस के अनुसार शांति दीप गैस एजेंसी के पीछे रहने वाली ममता यादव ने शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि 26 जून की रात करीब 1 बजे हिमांशू राणा उसके घर के आंगन में पहुंचा और उसके बच्चे को अपने पास लेकर खिलाने लगा।
आरोपी ने धक्का देकर महिला का गिराया
ममता के मुताबिक काफी देर तक जब हिमांशू ने बच्चे को वापस नहीं किया तो उसने उसे बच्चे को लौटाने और अपने घर जाने के लिए कहा। इस बात पर आरोपी नाराज हो गया और बच्चे को वापस देने से इनकार करते हुए महिला से विवाद करने लगा।
आरोप है कि विरोध करने पर हिमांशू ने महिला को धक्का दे दिया, जिससे वह गिर गई। इसके बाद उसने कहा कि अब बच्चा कोर्ट से लेना और फिर चाकू निकालकर महिला की ओर दौड़ पड़ा। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपी ने बच्चे को वापस कर दिया। महिला का आरोप है कि जाते समय आरोपी ने उसे धमकी भी दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर हिमांशू राणा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version