इंदौर-उज्जैन बस डंपर से टकराई, 6 यात्री घायल:गधा टेकरी के पास हादसा, ड्राइवर बोला- ब्रेक फेल होने से हुआ एक्सीडेंट

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

इंदौर के नावदा पंथ क्षेत्र में रविवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। इंदौर से उज्जैन जा रही एक यात्री बस गधा टेकरी के पास पीछे से डंपर से टकरा गई। हादसे में बस में सवार छह यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गधा टेकरी के पास हुआ हादसा
चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि हादसा गधा टेकरी के पास हुआ। इंदौर से उज्जैन जा रही बस सड़क पर चल रहे डंपर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे कई यात्रियों को चोटें आईं।
घायल यात्रियों को अस्पताल भेजा
हादसे में प्रकाश (पुत्र मांगीलाल), शोभा, भूपेंद्र (पुत्र मोतीलाल), रितू, दिलीप (पुत्र बंशीलाल), घनश्याम नाथ और दिनेश घायल हुए हैं। सभी इंदौर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एमवाय अस्पताल भेजा गया।
ड्राइवर ने बताया- ब्रेक नहीं लगे
बस ड्राइवर का कहना है कि बस के ब्रेक नहीं लगने के कारण वह डंपर से टकरा गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version