इंदौर में प्रस्तावित इंदौर–पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर के भूमि पूजन कार्यक्रम (दिनांक 03 मई 2026, ग्राम नैनोद) की तैयारियों का जायजा लेने आज कलेक्टर इंदौर श्री शिवम वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सिद्धार्थ जैन तथा एमपीआईडीसी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री हिमांशु प्रजापति व विधायक राउ श्री मधु वर्मा सहित पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन एवं एमपीआईडीसी के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर मंच व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएं समयसीमा में पूर्ण करते हुए आपसी समन्वय से कार्य सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
अधिकारियों ने आगंतुकों एवं जनप्रतिनिधियों की सुविधा के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू करने के निर्देश भी दिए।
उल्लेखनीय है कि प्रस्तावित इंदौर–पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करेगा तथा निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा। आगामी 03 मई 2026 को ग्राम नैनोद में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है।
