इंदौर के mg रोड स्थित कोर्ट परिसर में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब अपर सत्र न्यायाधीश (एडीजे) आरती ढींगरा की कोर्ट में कार्यवाही के दौरान छत पर लगा तेज रफ्तार पंखा अचानक जज के सिर पर गिर पड़ा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एलएल यादव के अनुसार, पंखा गिरते ही कोर्ट रूम में तेज धमाका हुआ, जिससे वहां मौजूद वकील, कर्मचारी और पक्षकार बुरी तरह सहम गए।
हादसे के तुरंत बाद घायल जज को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके सिर की जांच की। इस घटना के बाद एडीजे सोमवार को अवकाश पर चली गईं।यह घटना कोर्ट परिसर की जर्जर हालत और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को उजागर करती है। वकीलों के अनुसार, कोर्ट रूम के पंखे और बिजली की लाइनें दशकों पुरानी हो चुकी हैं, जिससे आए दिन फॉल्ट और हादसे का खतरा बना रहता है।
इससे पहले भी जज के ठीक सामने छत का प्लास्टर गिरने जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। परिसर में कर्मचारियों के लिए अलग शौचालय तक नहीं है और पुरानी बिल्डिंग के ब्लॉक बारिश में लीकेज की समस्या से जूझ रहे हैं। गर्मी के मौसम में व्यवस्था इतनी खराब हो जाती है कि गलियारों में अलग से कूलर लगाने पड़ते हैं।
हालांकि, इस बदहाली के बीच राहत की बात यह है कि पीपल्याहाना क्षेत्र में नई कोर्ट बिल्डिंग का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले एक से डेढ़ साल में यह आधुनिक भवन बनकर तैयार हो जाएगा। नई बिल्डिंग को पूरी तरह से सेंट्रल एयरकूल्ड बनाया जा रहा है, जिसमें वकीलों के लिए चैंबर, पक्षकारों के बैठने की पर्याप्त जगह और हर फ्लोर पर शौचालय व पेयजल जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं मौजूद रहेंगी। फिलहाल पुरानी बिल्डिंग में काम कर रहे लोगों को हर दिन जान जोखिम में डालकर अपनी सेवाएं देनी पड़ रही हैं।
