इंदौर के खजूरी बाजार में तीन मंजिला मकान की स्टेशनरी दुकान में तड़के लगी भीषण आग, परिवार को सुरक्षित निकाला

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

खजूरी बाजार क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक स्टेशनरी दुकान में आग लगने से हड़कंप मच गया। तीन मंजिला मकान में परिवार के फंसे होने से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
इंदौर। खजूरी बाजार क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक स्टेशनरी दुकान में आग लगने से हड़कंप मच गया। तीन मंजिला मकान में परिवार के फंसे होने से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, लेकिन मकान मालिक की सूझबूझ से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
तड़के 4 बजे लगी आग
सराफा थाना पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब 4 बजे की है। राजवाड़ा के पास स्थित खजूरी बाजार में कमलेश सौभाग्यमल पंचौली की तीन मंजिला इमारत में नीचे स्टेशनरी दुकान है। आग सबसे पहले दुकान में लगी और धीरे-धीरे पहली मंजिल तक फैल गई।
परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया
धुआं फैलते ही आसपास के लोगों ने परिवार को सतर्क किया। मकान मालिक ने तुरंत सभी को बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
डेढ़ घंटे में आग पर काबू
सूचना मिलते ही गांधी हॉल और लक्ष्मीबाई फायर स्टेशन से दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंका
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली मीटर में स्पार्किंग बताई जा रही है।

Exit mobile version