इंदौर में शराब का अवैध रूप से क्रय-विक्रय, परिवहन तथा भंडारण करने वालों के विरूद्ध कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में आबकारी विभाग द्वारा अभियान चलाकर लगातार कार्यवाही की जा रही है। इस कार्यवाही में अवैध मदिरा और एक दुपहिया वाहन भी जप्त किया गया।
सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी ने बताया कि शहरी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर अवैध मदिरा के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई। उक्त कार्रवाई गत दिवस आबकारी टीम को देखकर बड़ी ग्वालटोली क्षेत्र में अवैध मदिरा परिवहन करते दुपहिया वाहन चालक फरार होने लगा। शंका के आधार पर आबकारी टीम द्वारा युवक का पीछा करने पर वह बड़ी ग्वालटोली शमशान घाट के पास अपना वाहन छोड़ फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की में 50 पाव मसाला मदिरा एवं बैग में 50 पाव प्लेन अवैध मदिरा बरामद की गई। दुपहिया वाहन होंडा एक्टिवा स्कूटर (वाहन क्रमांक MP09-UE8626) तथा कुल 100 पाव देसी मदिरा (18 बल्क लीटर मदिरा) अवैध मदिरा को जप्त किया गया। फरार आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)क का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपी की तलाश जारी है। मदिरा व वाहन का कुल बाज़ार मूल्य लगभग 79 हजार रुपये से अधिक है। उक्त कार्रवाई में वृत्त पलासिया प्रभारी सुश्री प्रियंका रानी चौरसिया, आरक्षक श्री तरुण सिंह आदि का सराहनीय योगदान रहा ।
