इंदौर में छात्रा को परेशान कर रहा था युवक:बात करने से मना किया तो करने लगा पीछा, सुसाइड या हत्या की धमकी दी; मामला दर्ज

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के खजराना क्षेत्र में रहकर पढ़ाई कर रही फर्स्ट ईयर की 20 वर्षीय छात्रा को उसका परिचित युवक लगातार परेशान कर रहा था। पहले गांव में सामान्य बातचीत के बाद युवक मोबाइल पर संपर्क करने लगा और बाद में इंदौर पहुंचकर छात्रा का पीछा करने लगा। पार्किंग में रोककर सुसाइड करने और हत्या की धमकी देने के मामले में खजराना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
गांव की पहचान, इंदौर तक पीछा
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह पढ़ाई के लिए इंदौर आई है। आरोपी हितेश जेसवाल निवासी खिलचीपुर जिला राजगढ़ उसके गांव का रहने वाला है, इसलिए परिचित था। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी, लेकिन छात्रा किसी भी तरह की दोस्ती नहीं चाहती थी।
करीब दो माह पहले जब आरोपी को पता चला कि छात्रा इंदौर में रह रही है, तो वह भी इंदौर आ गया। खजराना क्षेत्र में छात्रा के कमरे की जानकारी लगने के बाद वह उसके आने-जाने के दौरान पीछा करने लगा और कई बार घर के बाहर खड़ा रहता था।
पार्किंग में रोका, दी धमकी
पीड़िता के अनुसार शुक्रवार को आरोपी उसे पार्किंग में मिला और बात करने को लेकर दबाव बनाने लगा। जब छात्रा ने साफ कहा कि वह कोई रिश्ता या दोस्ती नहीं चाहती, तो आरोपी ने धमकी दी कि वह सुसाइड कर लेगा या फिर उसकी हत्या कर देगा। इस धमकी से छात्रा डर गई।
माता-पिता को दी जानकारी, फिर थाने पहुंची
घबराई छात्रा ने तुरंत अपने माता-पिता को फोन कर पूरी घटना बताई। इसके बाद माता-पिता इंदौर पहुंचे और छात्रा को लेकर खजराना थाने आए, जहां शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
खजराना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी हितेश जेसवाल के खिलाफ छेड़छाड़ और पीछा करने (स्टॉकिंग) के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

Exit mobile version