आधा किलो अफीम के साथ पकड़ाया इंजीनियरिंग स्टूडेंट:परिवार नीमच में अफीम की खेती करता है, कर्ज बढ़ा तो इंदौर में तस्करी करने लगा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के जुनी इंदौर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 518 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी गोविंद पाटीदार (20) है, जो मूल रूप से नीमच जिले का रहने वाला है और इंदौर में रहकर एसजीएसआईटीएस (SGSITS) में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है।
डीसीपी आंनद कलादगी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने महंगे शौक और कर्ज चुकाने के लिए अफीम की तस्करी कर रहा था। वह अपने घर से किताबों के बैग में अफीम छुपाकर इंदौर लाया था, जिसे बेचने की फिराक में था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक जॉन्सन आईस फैक्ट्री के पास रेलवे पटरी किनारे संदिग्ध हालत में खड़ा है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से अफीम बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके परिवार के लोग नीमच जिले में अफीम की खेती करते हैं। वहीं से वह अफीम लाकर इंदौर में बेचने का काम करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

Exit mobile version