रावजी बाजार इलाके में नगर निगम की कार्रवाई: नाले पर बने 21 मकानों के कुछ हिस्से को तोड़ा, एक महीने में अतिक्रमण नहीं हटाया अब मांग रहे थे समय

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर नगर निगम की रिमूवल टीम ने गुरुवार को वार्ड-61 स्थित अमला रावजी बाजार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यहां नाले पर कब्जा कर बनाए गए 21 मकानों के कुछ हिस्से को तोड़ा गया है। लोग अतिक्रमण हटाने के लिए समय मांग रहे थे पर टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी। दरअसल, अतिक्रमणकारियों को कब्जा हटाने के लिए एक महीने का समय दिया गया था और यह अवधि पूरी होने पर भी लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। आज निगम की रिमूवल टीम पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान नगर निगम की 4 टीमों के साथ ही रावजी बाजार थाने का पुलिस बल और 3 जेसीबी मशीनें लगी थीं। यह क्षेत्र जोन-12 में आता है। पिछले दिनों निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल सहित अन्य अधिकारियों ने क्षेत्र का दौरा किया था और नाले पर हुआ अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद इलाके का सर्वे कराया गया था। जिसमें 21 मकान नाले पर बने पाए गए थे।
एक महीने पहले दिए थे नोटिस, अनाउंसमेंट भी किया
जोन 12 के बिल्डिंग ऑफिसर वैभव देवलासे ने बताया कि रावजी बाजार थाने के सामने की तरफ कमला रोड वाले इलाके में ये कार्रवाई की गई है। 1 महीने पहले ही इन लोगों को बताया जा चुका था। उन्हें नोटिस भी दिए जा चुके थे, इसके साथ ही यहां पर लगातार अनाउंसमेंट किया जा रहा था, लेकिन यहां पर लोगों ने खुद से अतिक्रमण नहीं हटाया। इसके चलते आज नगर निगम की टीम ने 21 मकानों के अवैध हिस्से को हटाने की कार्र‌वाई की।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई, तो लोगों को लगा कि इस बार नगर निगम अतिक्रमण को लेकर गंभीर है और फिर कुछ लोग आए। उन्होंने खुद अतिक्रमण हटाने की पेशकश करते हुए कुछ समय मांगा, लेकिन मौके पर मौजूद अधिकारियों ने ऐसा करने से इंकार कर दिया। उनका कहना था कि आपको पर्याप्त समय दिया गया है।

Exit mobile version